तेहरान (IQNA) सऊदी अरब में आयोजित 46वीं अंतरराष्ट्रीय किंग अब्दुलअज़ीज़ कुरआन हिफ़्ज़, तिलावत और तफ़्सीर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पुरुष और महिला प्रतिभागियों ने मदीना स्थित किंग फ़हद कुरआन प्रिंटिंग कॉम्प्लेक्स का दौरा किया।
इक़ना ने आजिल के हवाले से बताया की यह दौरा प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों के लिए आयोजित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का हिस्सा था। यह दौरा प्रतियोगिता के अंतिम चरण के समापन के बाद हुआ, जिसका आयोजन मक्का में मस्जिदुल हराम के प्रांगण में किया गया था।
133 देशों और दुनिया के विभिन्न महाद्वीपों से आए कुल 334 पुरुष और महिला प्रतिभागियों ने किंग फ़हद कुरआन प्रिंटिंग कॉम्प्लेक्स की विभिन्न सुविधाओं, विभागों और उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने कुरआन की छपाई के विभिन्न चरणों तथा मुद्रण की समीक्षा और अंतिम रूप देने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों के बारे में जानकारी प्राप्त किया।
प्रतिभागियों को कुरआनी प्रकाशनों, कुरआन की छपाई और 80 से अधिक भाषाओं में उसके अनुवाद के क्षेत्र में कॉम्प्लेक्स द्वारा किए जा रहे प्रयासों से भी परिचित कराया गया। इसके अलावा, केंद्र द्वारा प्रकाशित सामग्री को दुनिया भर में वितरित करने की प्रक्रिया के बारे में भी उन्हें जानकारी दी गई।
इस बीच, सऊदी अरब के इस्लामी मामलों, दावत और मार्गदर्शन मंत्रालय ने 46वीं किंग अब्दुलअज़ीज़ अंतरराष्ट्रीय कुरआन हिफ़्ज़, तिलावत और तफ़्सीर प्रतियोगिता के अंतिम चरण के समापन की घोषणा की है।
मक्का की मस्जिदुल हराम में आयोजित इस प्रतियोगिता में महिला और पुरुष निर्णायक मंडल की उपस्थिति रही तथा 133 देशों के 334 प्रतिभागियों ने कुरआन की तिलावत प्रस्तुत की।
इस वर्ष की प्रतियोगिता की एक विशेषता यह रही कि कुल पुरस्कार राशि बढ़ाकर 1 करोड़ 26 लाख सऊदी रियाल कर दी गई है और विजेताओं की संख्या बढ़ाकर 50 कर दी गई है। प्रतियोगिता की पाँचों श्रेणियों में से प्रत्येक में पाँच विजेताओं का चयन किया जाएगा।
प्रतियोगिता का समापन समारोह बुधवार, 19 अग़स्त को मस्जिदुल हराम में आयोजित किया जाएगा। इसमें सऊदी अरब के शासक किंग सलमान बिन अब्दुलअज़ीज़ आल सऊद की निगरानी में पाँचों श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
मदीना में स्थित किंग फ़हद कुरआन प्रिंटिंग कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन 30 अक्टूबर 1984 को हुआ था। लगभग चार दशकों की गतिविधियों के बाद आज यह दुनिया में कुरआन की छपाई का सबसे बड़ा केंद्र बन चुका है।
4370228